
श्री सिन्हा ने कहा कोई भी दिन ऐसा नहीं गुजर रहा है जब हत्या व बलात्कार की अनेक घटनाएं दर्ज नहीं हो रही हैं। पुलिस आम लोगों की जान-माल की सुरक्षा करने के बजाय बालू-दारू से अवैध वसूली में लगी हुई है। राजनीतिक अस्थिरता की वजह से पूरे बिहार में प्रशासनिक अराजकता की स्थिति है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बिहार की गंभीर होती विधि-व्यवस्था की समस्या से नजरें चुरा कर समाधान यात्रा का ढोंग कर रहे हैं। जब उन्हें समस्या की जानकारी ही नहीं है तो फिर वे समाधान किसी चीज का करेंगे? उन्होंने कहा कि सरकार का इकबाल खत्म हो चुका है। जंगलराज वालों के साथ मुख्यमंत्री भी सुशासन का राग अलापना भूल चुके हैं। बिहार ‘लॉलेसनेस सिंड्रोम’ में फंस चुका है। बिहार की जनता कराह रही है। छात्र-नौजवान , किसान, मजदूर किसी की चिन्ता सरकार को नहीं है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी अपनी यात्रा के अगले पड़ाव में कैमूर जा कर केवल पिकनिक नहीं मनाइए, जनता से उसका दुख-दर्द भी पूछ लीजिए। आपने कई वर्षों पहले कैमूर के माँ मुंडेश्वरी मंदिर में रोप वे निर्माण की घोषणा की थी, जिसका निर्माण अभी तक नहीं हो सका है। कैमुर में अपराध चरम पर है। दिन-दहाड़े अपराधी बड़ी घटना को अंजाम दे रहे हैं। कुछ दिनों पहले एटीएम में पैसा भर रहे भानु चौबे को गोली मार कर 13 लाख की लूट कर ली गई थी। एक बार उनके पीड़ित परिजनों से भी मिल लीजिएगा।