स्वास्थ्य मंत्री श्री मांगल पाण्डेय ने कहा कि राहुल गांधी ने अपनी गलतबयानी से कांग्रेस को मनोविकृत बना दिया है। बिना आधार की बात करके राहुल गांधी अपनी विश्वसनीयता और बची-खुची कांग्रेस की मिट्टी पलीद कर रहे हैं। चौकीदार चोर है की तरह नरेंदर-सरेंडर के जुमले का भी कांग्रेस को बिहार के चुनाव में ही भारी खामियाजा भुगतना होगा। 2015 विधानसभा में कांग्रेस ने जितनी सीटें जीती थीं 2020 में उससे भी कम हो गई और इस बार 2025 में कांग्रेस पूरी तरह से बिहार में साफ हो जाएगी।

श्री पांडेय ने कहा कि अपने निराधार बयानों के कारण ही राहुल गांधी को बार-बार सुप्रीम कोर्ट से माफी मांगनी पड़ी है। अभी चार दिन पहले ही एक कोर्ट ने उन्हें बड़बोलेपन के लिए फटकार लगाई है। राहुल गांधी के शह पर आजकल कांग्रेसी जिस तरह से झूठ को चिल्ला -चिल्ला और अभद्र भाषा का प्रयोग कर उसे सच साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। उससे वे मनोविकृति के शिकार होते जा रहे हैं।
श्री पाण्डेय ने कहा कि देश के यशश्वी पीएम श्री नरेन्द्र मोदी जी के लिए अशिष्ट व अमर्यादित भाषा का प्रयोग, तू-तड़ाक के साथ सम्बोधन के जरिए राहुल गांधी न केवल अपनी बिगड़ैलपन व मनोविकृत मानसिकता का प्रदर्शन कर रहे हैं बल्कि देश का भी अपमान कर रहे हैं उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के तमाम प्रपंचों, तिकड़मों और मिथ्या नैरेटिव गढ़ने के कुप्रयासों के बावजूद पिछले तीन आम चुनावों में से किसी भी चुनाव में कांग्रेस 100 का आंकड़ा नहीं पार कर पाई है। 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में तो कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष बनने लायक सीटें भी नहीं जीत पाई थी। कांग्रेस यह न भूले की यह देश बदजुबानी और बदमिजाजी को कभी बर्दाश्त नहीं करता है। राहुल गांधी अपने अनर्गल प्रलापों से देश की 140 करोड़ जनता को बार-बार शर्मसार कर रहे हैं।











